अंतिम अपडेट एवं समीक्षा: 27 अक्टूबर 2026, सुबह 9:53 बजे (IST)
GST रिटर्न वह ब्यौरा है जो आप GST पोर्टल पर देते हैं: कितनी बिक्री हुई, कितनी खरीद हुई और कितना टैक्स बना। रजिस्ट्रेशन के बाद रिटर्न भरना हर महीने का नियमित काम है, चाहे बिक्री हुई हो या नहीं। इस गाइड में हर रिटर्न का काम, तारीख़ और एक पूरे महीने का हिसाब उदाहरण के साथ है।
एक नज़र में
- GSTR-1: आपकी बिक्री का ब्यौरा। अगले महीने की 11 तारीख़ तक।
- GSTR-3B: कुल बिक्री, ITC और टैक्स का भुगतान। अगले महीने की 20 तारीख़ तक।
- GSTR-2B: आपकी खरीद का ITC वाला स्टेटमेंट। यह हर महीने की 14 तारीख़ को अपने-आप बनता है, आप इसे भरते नहीं।
- GSTR-9: सालाना रिटर्न। अगले वित्त वर्ष की 31 दिसंबर तक। ₹2 करोड़ तक के टर्नओवर वालों को वित्त वर्ष 2024-25 से छूट है।
- देरी पर: GSTR-1 और GSTR-3B में ₹50 रोज़ की लेट फ़ीस (नील रिटर्न पर ₹20) और बकाया टैक्स पर 18% सालाना ब्याज।
1. कौन सा रिटर्न क्या काम करता है
| रिटर्न | किसके लिए | क्या दिखाता है | अंतिम तारीख़ |
|---|---|---|---|
| GSTR-1 | रेगुलर करदाता | बिक्री के बिल | अगले महीने की 11 तारीख़ |
| GSTR-3B | रेगुलर करदाता | कुल बिक्री, ITC, टैक्स का भुगतान | अगले महीने की 20 तारीख़ |
| CMP-08 | कंपोज़िशन करदाता | तिमाही टैक्स भुगतान | तिमाही बाद वाले महीने की 18 तारीख़ |
| GSTR-4 | कंपोज़िशन करदाता | सालाना रिटर्न | 30 जून (वित्त वर्ष 2024-25 से) |
| GSTR-9 | रेगुलर करदाता (₹2 करोड़ से ऊपर टर्नओवर) | सालाना रिटर्न | 31 दिसंबर |
सरकार कभी-कभी अधिसूचना से तारीख़ बढ़ा देती है, इसलिए रिटर्न आख़िरी दिन के भरोसे न छोड़ें और पोर्टल पर नई तारीख़ देख लें।
₹5 करोड़ से ज़्यादा टर्नओवर वालों को GSTR-9 के साथ GSTR-9C (मिलान विवरण) भी देना होता है (नियम 80(3))। कंपोज़िशन करदाताओं का GSTR-4 वित्त वर्ष 2024-25 से 30 जून तक भरा जाता है (Notification 12/2024-CT)।
2. एक पूरे महीने का हिसाब (उदाहरण)
एक व्यापारी की अक्टूबर की बिक्री ₹6,00,000 (GST के बिना) है और सारा माल 18% वाला है। खरीद पर उसने कुल ₹72,000 GST चुकाया है, जो उसके GSTR-2B में दिख रहा है।
| मद | रकम |
|---|---|
| बिक्री पर GST (18% × ₹6,00,000) | ₹1,08,000 (CGST ₹54,000 + SGST ₹54,000) |
| ITC (GSTR-2B के अनुसार) | ₹72,000 (CGST ₹36,000 + SGST ₹36,000) |
| नकद देना है | ₹36,000 (CGST ₹18,000 + SGST ₹18,000) |
इस हिसाब से 11 नवंबर तक GSTR-1 में बिक्री के बिल दिखाए जाते हैं। 20 नवंबर तक GSTR-3B में ₹1,08,000 की देनदारी में से ₹72,000 ITC से कटता है और ₹36,000 नकद चुकाया जाता है।
3. रिटर्न भरने का क्रम
- महीना बंद करें: पूरे महीने के बिल और खरीद के बिल एक जगह जोड़ें।
- GSTR-1 भरें: पोर्टल पर बिक्री के बिल दर्ज करके 11 तारीख़ तक जमा करें।
- GSTR-2B देखें: यह हर महीने की 14 तारीख़ को बनता है। उसमें दिखे ITC को अपने खरीद के बिलों से मिलाएँ। GSTN के अनुसार यह एक स्थिर स्टेटमेंट है, इसमें बदलाव नहीं होता।
- GSTR-3B भरें: बिक्री की रकम GSTR-1 से और ITC की रकम GSTR-2B से भरकर आती है। रकम जाँचें, टैक्स का भुगतान करें और 20 तारीख़ तक जमा करें।
- जमा करने का तरीका: रिटर्न डिजिटल हस्ताक्षर (DSC), e-sign या EVC से जमा होता है। EVC एक OTP है जो पोर्टल पर पंजीकृत अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता के मोबाइल नंबर पर आता है। पोर्टल पर आपके लिए जो विकल्प खुले हों, वही चुनें।
पहले GSTR-1 और फिर GSTR-3B भरें, क्योंकि GSTR-3B की बिक्री वाली तालिका GSTR-1 (या GSTR-1A) से भरकर आती है। GSTN के FAQ के अनुसार ये भरी हुई रकमें बदली जा सकती हैं, पर नीचे की तरफ़ बदलने पर पोर्टल उस खाने को लाल रंग और चेतावनी के साथ दिखाता है। इसलिए गलती हो तो GSTR-3B में रकम घटाने के बजाय GSTR-1 या GSTR-1A में सुधारें। GSTR-1A वैकल्पिक है और उसी अवधि के GSTR-3B से पहले, एक बार भरा जा सकता है।
4. तिमाही विकल्प (QRMP)
जिनका PAN के स्तर पर कुल टर्नओवर ₹5 करोड़ तक है (GSTN की सलाह के अनुसार चालू और पिछले, दोनों वित्त वर्ष में) और जिन्होंने अपना आख़िरी देय GSTR-3B भरा है, वे तिमाही रिटर्न चुन सकते हैं।
- GSTR-1 तिमाही बाद वाले महीने की 13 तारीख़ तक।
- GSTR-3B तिमाही बाद वाले महीने की 24 तारीख़ तक (राजस्थान 24 तारीख़ वाले राज्यों में है। गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश जैसे कुछ राज्यों में यह 22 तारीख़ है)।
- तिमाही के पहले दो महीनों का टैक्स अगले महीने की 25 तारीख़ तक PMT-06 चालान से जमा करना होता है (नियम 61(3)), भले ही रिटर्न तिमाही का हो।
- पहले दो महीनों में B2B बिल दिखाने के लिए वैकल्पिक IFF सुविधा है, जो अगले महीने की 13 तारीख़ तक चलती है।
भुगतान के चालान और खाते समझने के लिए देखें PMT फ़ॉर्म की गाइड।
5. बिक्री न हुई हो तब भी रिटर्न
जिस महीने कोई बिक्री न हुई हो, reverse charge की कोई देनदारी न हो और ITC भी न लेनी हो, उसका रिटर्न भी भरना पड़ता है। इसे नील रिटर्न कहते हैं। GSTN के अनुसार इसे पोर्टल पर या SMS से भरा जा सकता है। GSTR-3B के लिए SMS में 14409 नंबर पर “NIL 3B GSTIN MMYYYY” (जैसे महीना-साल 092026) भेजें, फिर मिले कोड के साथ “CNF 3B कोड” भेजें। इसके लिए अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता का मोबाइल नंबर पोर्टल पर पंजीकृत होना चाहिए और पिछले सभी GSTR-3B भरे होने चाहिए। GSTR-1 के लिए भी ऐसा SMS नील रिटर्न है (“NIL R1”)। नील रिटर्न न भरने पर भी ₹20 रोज़ की लेट फ़ीस लगती है।
6. देर होने का नुकसान
- लेट फ़ीस: ₹50 रोज़ (₹25 CGST + ₹25 SGST)। नील रिटर्न पर ₹20 रोज़ (₹10 + ₹10)। IGST और cess पर लेट फ़ीस नहीं लगती। अधिकतम सीमा रिटर्न के प्रकार और टर्नओवर के हिसाब से तय है। CMP-08 में देर पर लेट फ़ीस नहीं लगती।
- ब्याज: बकाया टैक्स पर 18% सालाना। चालू अवधि का टैक्स देर से भरने पर ब्याज उसी हिस्से पर लगता है जो नकद ledger से चुकाया गया हो (धारा 50(1) का पहला proviso)।
- उदाहरण: ऊपर के व्यापारी ने ₹36,000 का नकद टैक्स 30 दिन देर से चुकाया तो ब्याज = ₹36,000 × 18% × 30 ÷ 365 ≈ ₹533। अगर GSTR-3B भी 10 दिन देर से भरा तो लेट फ़ीस 10 × ₹50 = ₹500।
- दूसरे असर: लगातार रिटर्न बकाया रहने पर ई-वे बिल बनना बंद हो सकता है, और आपके ग्राहक का ITC अटक सकता है।
पूरी जानकारी: लेट फ़ीस, ब्याज और पेनल्टी।
7. पाँच आम गलतियाँ
- GSTR-1 और GSTR-3B की बिक्री में अंतर रहने देना। अंतर रहा तो विभाग से नोटिस आ सकता है। देखें GST नोटिस आए तो क्या करें।
- GSTR-2B से मिलाए बिना ITC लेना। जो ITC 2B में नहीं दिखता, उसे बाद में लौटाना पड़ सकता है। ITC के नियम: ITC की पूरी जानकारी।
- नील रिटर्न न भरना।
- भुगतान के बाद रकम बदलने की सोचना। GSTN की गाइड के क्रम में पहले टैक्स का भुगतान होता है और फिर रिटर्न DSC/EVC से फ़ाइल होता है। भुगतान दबाने के बाद GSTR-3B में बदलाव नहीं हो सकता, इसलिए रकम पहले जाँच लें।
- रिटर्न की तारीख़ याद न रखना। हर महीने की 11 और 20 तारीख़ फ़ोन के कैलेंडर में रिमाइंडर के साथ डाल दें।
8. अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)
GSTR-1 और GSTR-3B में क्या फ़र्क़ है? GSTR-1 में बिक्री का बिल-वार ब्यौरा जाता है। GSTR-3B में कुल बिक्री, ITC और टैक्स का भुगतान होता है।
कितने रिटर्न भरने पड़ते हैं? रेगुलर करदाता को साल में 12 GSTR-1, 12 GSTR-3B और एक GSTR-9 (₹2 करोड़ से ऊपर टर्नओवर पर; तिमाही विकल्प में GSTR-1 और 3B चार-चार)। कंपोज़िशन करदाता को चार CMP-08 और एक GSTR-4।
रिटर्न भरने की अंतिम तारीख़ चूक गई तो क्या करें? रिटर्न तुरंत भर दें। लेट फ़ीस और ब्याज उसी में जुड़कर आएगा। जितनी देर होगी, रकम उतनी बढ़ेगी।
रेस्टोरेंट वाले रिटर्न कैसे भरें? उनके लिए तालिका-दर-तालिका उदाहरण यहाँ है: रेस्टोरेंट के लिए GSTR-1 और GSTR-3B।
GSTR-9 सबको भरना ज़रूरी है? नहीं। जिनका किसी वित्त वर्ष में कुल टर्नओवर ₹2 करोड़ तक है, उन्हें वित्त वर्ष 2024-25 से GSTR-9 भरने से छूट है (Notification 15/2025-CT, 17 सितंबर 2025)। ISD, TDS/TCS वाले, casual और non-resident करदाताओं को भी यह रिटर्न नहीं भरना होता (नियम 80)। ₹5 करोड़ से ऊपर वालों को GSTR-9C भी देना होता है।
आगे पढ़ें
आधिकारिक स्रोत
- GST पोर्टल
- GSTN FAQ: GSTR-1: तारीख़ें और GSTR-1A।
- GSTN FAQ: GSTR-3B: तारीख़ें, भरकर आई रकमें और ब्याज।
- GSTN गाइड: GSTR-3B बनाना और जमा करना: लेट फ़ीस (₹25/₹10) और भुगतान का क्रम।
- GSTN FAQ: GSTR-2B: 14 तारीख़ और स्थिर स्टेटमेंट।
- GSTN FAQ: SMS से नील GSTR-3B।
- GSTN FAQ: CMP-08: 18 तारीख़ और लेट फ़ीस न लगना।
- GSTN: तिमाही रिटर्न (QRMP) की सलाह: 13/22/24 तारीख़ें और राज्यों की सूची।
- Notification 4/2018-CT: GSTR-1 की लेट फ़ीस।
- Notification 12/2024-CT: GSTR-4 की 30 जून की तारीख़ (वित्त वर्ष 2024-25 से)।
- नियम 61, नियम 80 और धारा 50 (CBIC): PMT-06, GSTR-9/9C और ब्याज।
- Notification 15/2025-CT की प्रति (taxheal.com): ₹2 करोड़ तक टर्नओवर पर GSTR-9 की छूट।
अस्वीकरण: यह जानकारी सामान्य शिक्षा के लिए है, व्यक्तिगत टैक्स सलाह नहीं। तारीख़ें, फ़ीस और छूट बदलती रहती हैं, इसलिए रिटर्न भरने से पहले GST पोर्टल पर नवीनतम नियम देखें।
लेखक: Jagdish, हनुमानगढ़, राजस्थान
10+ वर्षों का Taxation अनुभव | 2007 बैच Qualified Tax Return Preparer
कई ब्लॉग्स पर practical tax guides लिखते हैं।